मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में एक नाबालिग 12वीं कक्षा की छात्रा के साथ सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये की ज्वेलरी ठगने के साथ ही सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले छात्रा की मां के इंस्टाग्राम पर एक अनजान व्यक्ति लगातार दोस्ती के मैसेज भेज रहा था। छात्रा ने शुरू में विरोध किया, लेकिन बाद में बातों में आकर दोस्ती हो गई। आरोपी ने खुद को शिवाय रघुवंशी (या शिवाय सिंह रघुवंशी) बताते हुए कई होटलों का मालिक होने का दावा किया। दोनों के बीच फोन पर बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्यार में बदल गई।
बीते 23 फरवरी को छात्रा अपनी सहेली के घर अमरपाटन आई थी। इसी दौरान कथित प्रेमी वहां पहुंचा और छात्रा तथा उसकी सहेली को जूस पिलाया। जूस में नशीला पदार्थ मिला होने से छात्रा को अजीब लगा और वह घर जाने की बात करने लगी। आरोपी ने उसे स्कॉर्पियो कार में बैठा लिया, जहां वह बेहोश हो गई। होश आने पर छात्रा ने पाया कि वह एक होटल के कमरे में पूरी तरह निर्वस्त्र है। विरोध करने पर आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी और 25 लाख रुपये की मांग की।
डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुंचकर किसी से कुछ नहीं बताया, लेकिन डर के कारण घर में रखे 5 लाख रुपये मूल्य के जेवरात आरोपी को दे दिए। जेवरात देने गई छात्रा को आरोपी ने फिर बेहोश किया और उसके साथ आरोपी तथा उसके तीन साथियों ने दुष्कर्म किया। रात में पीड़िता को उसके गांव छोड़ दिया गया।
बाद में छात्रा ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद परिजनों ने अमरपाटन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, जिसमें नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने, अश्लील वीडियो बनाने, ब्लैकमेल करने, जेवरात ठगने और दुष्कर्म के आरोप शामिल हैं। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी तीन फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
