बागेश्वर धाम सिद्ध पीठ में आज एक ऐसा भव्य और भावुक आयोजन हुआ, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। यहां 11 मार्च को ‘बेटी-दामाद सम्मेलन’ का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें उन सभी बेटियों और दामादों को सपरिवार बुलाया गया था, जिनका विवाह वर्ष 2020, 2021, 2022 और 2023 में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बागेश्वर धाम द्वारा आयोजित सामूहिक कन्या विवाह समारोह में संपन्न हुआ था।
कार्यक्रम के दौरान पूज्य बागेश्वर महाराज ने सभी बेटियों और दामादों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने एक-एक कर परिवार का हालचाल जाना, दामादों से बेटियों के बारे में पूछताछ की और बेटियों से स्नेहपूर्वक यह जानना चाहा कि क्या ससुराल में उन्हें कोई परेशानी तो नहीं हो रही। बेटियों ने भावुक होकर जवाब दिया, “ससुराल हमारा अपना घर है और बागेश्वर धाम हमारा मायका। आप हमारे पिता समान हैं, इसलिए हमें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है।”
इस अवसर पर बेटियों के साथ उनके नन्हे-मुन्ने पुत्र-पुत्रियां भी पहुंचे थे। महाराज श्री ने उन्हें अपने नाती-नातिन मानकर गोद में लिया, दुलार किया और उनके साथ आनंद के अनमोल पल बिताए। महाराज ने सभी के साथ सेल्फी फोटो भी खिंचवाई, जो इस प्यार भरे माहौल की जीती-जागती निशानी बन गई।
सम्मेलन के समापन पर महाराज श्री ने सभी बेटियों और दामादों को तुलसी का पौधा, धारा, चीनी मिट्टी की पटकी, साड़ी और दक्षिणा भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया। आयोजन समिति ने बेटी-दामादों के आगमन से लेकर भजन, मंदिर दर्शन, भोजन प्रसादी और ठहरने की पूरी व्यवस्था की। दूर-दराज से आए परिवारों के लिए रुकने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जबकि आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों को स्नेहपूर्वक विदाई दी गई।
