बड़ामलहरा के वार्ड क्रमांक 9 निवासी मोतीलाल उर्फ भैय्यन यादव ने बताया कि वार्ड क्रमांक 8 और 9 में बिक रही अवैध शराब के संबंध में 17 फरवरी 2026 को बिहारी जी मंदिर बड़ामलहरा में वार्डवासियों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में निर्णय लिया गया था कि अवैध शराब बिक्री के मामले में पुलिस एवं राजस्व विभाग को आवेदन दिया जाएगा।
इसी निर्णय के तहत 19 फरवरी 2026 को वार्डवासियों द्वारा तहसीलदार के माध्यम से एसडीएम बड़ामलहरा को आवेदन सौंपा गया था। इसके बाद 27 फरवरी को वही आवेदन थाना बड़ामलहरा में भी दिया गया। वार्डवासियों का कहना है कि उनका आवेदन पूरी तरह हस्तलिखित था और उसमें किसी भी विभाग के किसी कर्मचारी का नाम उल्लेखित नहीं किया गया था।
मोतीलाल यादव ने बताया कि हाल ही में सोशल मीडिया पर उनके नाम से एक कंप्यूटर टाइप किया हुआ आवेदन वायरल किया जा रहा है, जो पूरी तरह फर्जी है। उस फर्जी आवेदन में कुछ कर्मचारियों पर लगाए गए आरोप भी निराधार बताए गए हैं।
इस मामले को लेकर वार्डवासियों ने एसडीओपी बड़ामलहरा को आवेदन देकर फर्जी आवेदन तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन देने वालों में सुरेश खटीक, चुन्नीलाल पाल सहित अन्य वार्डवासी मौजूद रहे।
