छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजनगर थाना में पुलिस कस्टडी के दौरान एक आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान राजेश पटेल निवासी इमलया गांव के रूप में हुई है। उसे पुलिस ने शांति भंग की आशंका में धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर थाने में बंद किया था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने थाने के भीतर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना स्टाफ में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी तत्काल आरोपी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
थाने के भीतर हुई इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कस्टडी में बंद आरोपी द्वारा आत्महत्या की घटना को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश की स्थिति बन सकती है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जा सकती है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों और लापरवाही के पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी जुटाने में लगी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
