छतरपुर । नगर पालिका द्वारा शहर को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से गलियों में नालियों एवं सी सी रोड़ों का निर्माण कराया जा रहा है । वार्ड नंबर 10 के बिहारी मार्ग में भी दीपावली के पहले नाली निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ था जो आज तक पूरा नहीं हुआ । जबकि चौक बाजार से पुरानी गल्ला मंडी को जोड़ने वाला यह रास्ता एक तरह से चौक बाजार के ट्राफिक को डायवर्ट करने वाला सबसे व्यस्त मार्ग है । मगर इन दिनों नाली निर्माण होने के कारण न सिर्फ आवागमन प्रभावित हुआ है बल्कि यहां के निवासियों का घर के बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है ।
नाली निर्माण करने वाले ठेकेदार द्वारा बालू और गिट्टी रोड पर डालकर काम नहीं करने से बिहारी मार्ग के निवासियों को अच्छी खासी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है ।
लेवर न मिलने की बात कहकर ठेकेदार ने झाड़ा पल्ला
इस नाली का निर्माण कराने वाले ठेकेदार से जब इस परेशानी से निजात दिलाने और जल्दी काम करने के लिए कहा तो ठेकेदार का कहना है कि अभी लेबर नहीं मिली है इसलिए कम नहीं हो पा रहा है कल से काम शुरू कर दिया जायेगा ।
अब सवाल यह है कि यदि लेबर नहीं थी तो बालू गिट्टी डालकर रास्ता बंद क्यों कर दिया ? साथ ही कुछ घरों के बाहर की न नाली खोदी गई और न नाली के ऊपर अतिक्रमण करके बनाए गए चबूतरों को तोड़ा गया। इससे यह स्पष्ट है कि चहेतों के दरवाजे खराब न हों इसलिए बाद में तोड़ने की बात कहकर अपना दामन साफ कर लिया गया ।
अब देखना है कि नगर पालिका इस समस्या से कब तक छुटकारा दिलाती है या यहां के निवासी ऐसे ही परेशानी भुगतते रहेंगे ।
