मोहन यादव ने छतरपुर में सेंट्रल लाइब्रेरी का किया उद्घाटन, हाईटेक पुस्तकालय में है किताबों का भंडार. स्टेडियम, मेडिकल कॉलेज और श्रीकृष्ण धाम की सौगात.
CHHATARPUR LIBRARY INAUGURATED
छतरपुर की ऑल-इन-वन फैसिलिटी वाली हाईटेक लाइब्रेरी।
छतरपुर: शनिवार का दिन छतरपुर के युवाओं के लिए बेहद खास रहा. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने छतरपुर में सेंट्रल ला
इब्रेरी का उद्घाटन किया. लाइब्रेरी की भव्यता देखकर डॉ यादव भी हैरान रह गए. आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह लाइब्रेरी यहां के युवाओं के सपनों को पंख लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है. कंपटीशन या किसी अन्य परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को एक छत के नीचे किताबों का भंडार, इंटरनेट और अच्छे माहौल से लेकर सारी सुविधाएं मौजूद हैं.
लाइब्रेरी की भव्यता देख दंग हो गए मोहन यादव
सीएम मोहन यादव शनिवार को इस लाइब्रेरी का उद्घाटन करने पहुंचे थे. उन्होंने फीता काटकर इस ‘ग्रंथालय’ का शुभारंभ किया. इस आधुनिक और हाईटेक लाइब्रेरी की भव्यता देखकर वे भी दंग रह गए. सीएम ने वहां पढ़ाई कर रहे छात्रों से मुलाकात की और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई. मुख्यमंत्री ने छात्रों को लाइब्रेरी को पूरा लाभ लेने की बात कही. उन्होंने ई-लाइब्रेरी के माध्यम से पढ़ाई कर रहे बच्चों से भी बात की.
मोहन यादव ने कहा, “पुस्तकालय ज्ञान अर्जन के लिए बेहद महत्वपूर्ण जगह है. यहां सभी प्रकार का ज्ञान अर्जित किया जा सकता है और अपना भविष्य संवारा जा सकता है.” इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र खटीक, मंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक ललिता यादव, विधायक राजेश शुक्ला, अरविंद पटेरिया सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
पूरी तरह से निशुल्क होगी ये लाइब्रेरी
छतरपुर के सिंचाई कॉलोनी में 5 करोड़ की लागत से बनी इस लाइब्रेरी का नाम ग्रंथालय रखा गया है. इसे नीति आयोग की आकांक्षी जिला योजना के तहत बनाया गया है. यह ड्रीम प्रोजेक्ट छतरपुर के तत्कालीन और सागर के वर्तमान कलेक्टर संदीप जीआर का था. अब इसको छतरपुर के वर्तमान कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने पूरा किया है. विद्यार्थियों के लिए ये लाइब्रेरी निशुल्क होगी. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए विशेष मेंबरशिप भी उपलब्ध कराई जाएगी. लड़कियों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
लाइब्रेरी में क्या-क्या हैं सुविधाएं?
आधुनिक सुविधाओं से लैस यह लाइब्रेरी 5600 वर्ग मीटर में बनी है. इसमें तरह-तरह कोर्स से जुड़ी किताबें, वातानुकूलित हॉल, बैठकर पढ़ने के लिए बड़े-बड़े कमरे, इंटरनेट, वाई-फाई, कंप्यूटर, डिजिटल लाइब्रेरी, सीनियर लाइब्रेरी हॉल, जूनियर लाइब्रेरी, आर्ट रूम, मीटिंग और सेमिनार हॉल, बुक कैफे, बैंक ऑफिस, ओपन एयर थिएटर, डिजिटल अध्ययन सामग्री का कलेक्शन जैसी सुविधाएं हैं.
बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियां हैं. विभिन्न सिलेबस के अलावा धर्म ग्रंथ, हिंदी साहित्य दर्शन, शब्दकोश विज्ञान सहित कई महत्वपूर्ण किताबें हैं. साथ ही ई-लाइब्रेरी के माध्यम से अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की नोट्स भी उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था है.
छात्र-छात्राओं को मिलेगा प्राकृतिक माहौल
छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने बताया कि “पढ़ाई करने के लिए छात्र-छात्राओं को प्राकृतिक माहौल दिया गया है. परिसर में ग्रीन बेल्ट विकसित किया गया है, जहां बच्चे आराम से बैठकर पढ़ाई कर सकते हैं. लाइटिंग और सौंदर्यीकरण की भी व्यवस्था की गई है. रात में भी दिन जैसा माहौल मिलेगा
इस लाइब्रेरी का संचालन नगर पालिका छतरपुर द्वारा किया जाएगा.” उन्होंने कहा कि “यह लाइब्रेरी शहर और आसपास के रहने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई में एक नई दिशा देने का काम करेगी. वे यहां पर पढ़ाई के साथ हुनर भी सीख सकेंगे. सारी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी.”
मोहन यादव ने छतरपुर को दी करोड़ों की सौगात
मोहन यादव ने लाइब्रेरी के अलावा छतरपुर को कई सौगातें दी. सीएम ने श्रीकृष्ण महोत्सव में सहभागिता करते हुए श्रीकृष्ण धाम के लिए 1 करोड़ रुपए, एक नया स्टेडियम बनाने के लिए 10 करोड़ रुपए, बगौता में 20 एकड़ में गौशाला बनाने के अलावा छतरपुर मेडिकल कॉलेज के साथ अस्पताल बनाए जाने की घोषणा की.
Chhatarpur stadium Medical college
मोहन यादव ने छतरपुर को दी करोड़ों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “पूरे भारत देश को समझना है तो भगवान राम और कृष्ण को समझ लें.” उन्होंने महाराजा छत्रसाल की वीरता का जिक्र करते हुए कहा कि “छत्ता तोरे राज में धक-धक धरती होए.” इसी तरह उन्होंने आल्हा ऊदल की वीरता को नमन करते हुए कहा, कि “उनके सामने संसार की बड़ी ताकते सरेंडर हो जाती थी.”
