उत्तर प्रदेश के आगरा के फतेहाबाद कस्बे से 80 दिन पहले लापता हुए 8 साल के अभय प्रताप की हत्या का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। अपहरण के कुछ घंटे बाद ही उसकी गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, और शव को राजस्थान ले जाकर जमीन में दफना दिया गया। हैरानी की बात यह है कि इस जघन्य वारदात को अंजाम किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि पड़ोस में रहने वाले दो युवकों—कृष्णा उर्फ भजन लाल और राहुल—ने दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अभय का शव शनिवार को राजस्थान के मनिया थाना क्षेत्र में प्लास्टिक के बोरे में जमीन के नीचे दबा हुआ मिला। पुलिस के मुताबिक, अपहरण के पीछे 80 लाख रुपये फिरौती की साजिश थी।
