शपथ दिलवाकर रैली में सम्मिलित नगरवासियों, छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा नशा मुक्ति हेतु दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई तक “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान चलाया जा रहा है।
छतरपुर पुलिस द्वारा “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत आज छतरपुर नगर में जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
रैली का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें नशा छोड़ने हेतु प्रेरित करना रहा।
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि—”नशा न केवल व्यक्ति की सेहत को हानि पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार व समाज को भी प्रभावित करता है। इससे दूर रहना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं, नागरिकों एवं ट्रैफिक वार्डनों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलवाई गई।
जीवन में कभी नशा न करने का संकल्प,
तंबाकू, शराब, गुटखा, सिगरेट आदि से दूर रहने की प्रतिज्ञा
परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना
स्वस्थ, स्वच्छ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने हेतु शपथ ली गई।
यह रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर छत्रसाल चौराहा होते हुए महाराजा छत्रसाल विश्वविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। मार्ग में आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक करने हेतु प्रेरक नारे और बैनर प्रदर्शित किए गए।
जन जागरूकता रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता रक्षितनिरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा, प्रभारी थाना कोतवाली निरीक्षक अरविंद सिंह दांगी, प्रभारी थाना सिविल लाइन निरीक्षक बाल्मिक चौबे, थाना ओरछा रोड प्रभारी उप निरीक्षक दीपक यादव, महिला सुरक्षा शाखा प्रभारी उप निरीक्षक तबस्सुम खान, संबंधित पुलिस अधिकारी, पत्रकारबंधु, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं, नगरवासी एवं ट्रैफिक वार्डन उपस्थित रहे।
छतरपुर पुलिस द्वारा यह अभियान आगामी दिनों में भी विभिन्न माध्यमों से लगातार जारी रहेगा, जिससे नशामुक्त समाज की दिशा में सार्थक बदलाव लाया जा सके।

