मेरठ के नई बस्ती इलाके में एक महिला की मौत के बाद घरवालों ने जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया। किसी को पुलिस को इस बारे में खबर कर दी।
यूपी के मेरठ में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला उस समय सनसनीखेज बन गया, जब पुलिस ने अंतिम संस्कार के दौरान जलती चिता से शव निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। शुरुआती जांच में महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, टीपीनगर थाना क्षेत्र की नई बस्ती निवासी सुरेश उर्फ टीटू की 45 वर्षीय पत्नी विमलेश रविवार रात गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। परिजन पहले उसे एक निजी अस्पताल और बाद में केएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जल्दबाजी में कर दिया अंतिम संस्कार
महिला की मौत के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को घर ले आए और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। शव को श्मशान घाट ले जाकर चिता को अग्नि भी दे दी गई। इसी बीच किसी व्यक्ति ने यूपी-112 पर सूचना देकर पुलिस को बताया कि महिला की हत्या की गई है और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जल्दबाजी में अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
परिजनों ने पुलिस टीम का किया विरोध
सूचना मिलते ही टीपीनगर थाना पुलिस इंस्पेक्टर अरुण मिश्रा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। उस समय चिता जल रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जलती चिता से शव बाहर निकलवाया। इस दौरान परिजनों ने विरोध किया, जिससे मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जांच में महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के संकेत मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
वारदात के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस
पूछताछ और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति सुरेश उर्फ टीटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे घरेलू विवाद था या कोई अन्य कारण।
एसपी सिटी मेरठ विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि महिला की हत्या के बाद परिजन साक्ष्य मिटाने के लिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
