हमीरपुर| के मौदहा कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से ई-रिक्शा चालकों को एक नई समस्या का सामना करना पड़ रहा है। चलते-चलते अचानक ई-रिक्शा की बैटरियां लॉक हो रही हैं, जिससे वाहन बीच सड़क पर रुक जाते हैं।
इससे चालकों और यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।
इस समस्या के पीछे मोबाइल ऐप के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।
पीड़ित चालक अमित पाल ने बताया कि पिछले दो दिनों से उनकी ई-रिक्शा की बैटरी अचानक लॉक हो रही है। कई बार सवारियां बैठी होने के दौरान रिक्शा बंद हो जाता है, जिससे यात्रियों को दूसरे वाहन से जाना पड़ता है और चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
एक अन्य चालक ज्ञानेंद्र शर्मा के अनुसार, पहले भी उनकी बैटरी लॉक हुई थी, जिसे किसी तरह खोला गया था। हालांकि, दोबारा समस्या आने पर उन्हें एजेंसी जाना पड़ा।
कुछ ही मिनटों में बैटरियां अनलॉक
मामले की पड़ताल के दौरान, एजेंसी के पास एक युवक मोबाइल ऐप के माध्यम से कुछ ही मिनटों में ई-रिक्शों की बैटरियां अनलॉक करता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ शरारती तत्व इसी ऐप का दुरुपयोग कर दूसरे ई-रिक्शों की बैटरियां लॉक कर रहे हैं।
वे इन बैटरियों को अनलॉक करने के बदले पैसे भी वसूल रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
