सतना के नागौद राजघराने में पारिवारिक विवाद के चलते हुई गोलीबारी में पहली पत्नी योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिसके बाद दूसरी पत्नी सुनीता सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना परसमनिया गढ़ी में हुई, जहां योगिता सिंह अपने पति रूपेंद्र कुमार सिंह से विवाद सुलझाने पहुंची थीं।
सतना जिले के नागौद राजघराने से जुड़ी परसमनिया गढ़ी गुरुवार को उस समय चर्चा का केंद्र बन गई, जब पारिवारिक विवाद के बीच हुई फायरिंग में राजपरिवार की बहू योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार योगिता सिंह, नागौद विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे और राजपरिवार के सदस्य रूपेंद्र कुमार सिंह उर्फ बाबा राजा की पहली पत्नी हैं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने और बातचीत के उद्देश्य से योगिता सिंह अपने परिजनों के साथ दो दिन पहले परसमनिया गढ़ी पहुंची थीं।
बातचीत करते-करते भड़का विवाद
बताया जा रहा है कि गुरुवार को बातचीत के दौरान विवाद अचानक उग्र हो गया। आरोप है कि बाबा राजा की दूसरी पत्नी सुनीता सिंह ने अपनी 22 बोर की लाइसेंसी बंदूक से लगातार नौ राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली योगिता सिंह के पेट में जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद गढ़ी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही उचेहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रीवा के विंध्य मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
आरोपित महिला गिरफ्तार
पुलिस ने घायल महिला की शिकायत के आधार पर सुनीता सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, घटना में प्रयुक्त हथियार और घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
मां ने दामाद पर लगाए गंभीर आरोप
घायल योगिता सिंह की मां नरेंद्र कुमारी ने मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विवाद के दौरान जब उनकी बेटी अंदर जाने की कोशिश कर रही थी, तब उसके पति रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा ने उसे धक्का दिया। इसके बाद सुनीता सिंह ने फायरिंग शुरू कर दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि योगिता जान बचाने के लिए छिपने का प्रयास कर रही थी, लेकिन उस पर खिड़की से भी गोली चलाई गई, जो उसके पेट में लगी। परिवार का आरोप है कि मामले में केवल सुनीता सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
पहले भी सामने आ चुके हैं विवाद
सूत्रों के अनुसार योगिता सिंह और सुनीता सिंह के बीच पहले भी विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनकी शिकायत पुलिस तक पहुंची थी। ऐसे में इस घटना को लंबे समय से चली आ रही पारिवारिक रंजिश का परिणाम माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फायरिंग की वास्तविक परिस्थितियां, अन्य लोगों की संभावित भूमिका और हथियार के उपयोग से जुड़े तथ्यों की पड़ताल जारी है। राजघराने से जुड़े इस हाई-प्रोफाइल घटनाक्रम ने पूरे सतना और विंध्य क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है।
आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिस हथियार से गोली चली, उसकी वैधानिक स्थिति और स्वामित्व सहित पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।
– रघु केसरी, एसडीओपी नागौद
