छतरपुर में राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के सौंरा रोड स्थित बंगले में गुरुवार सुबह 7 से 8 फीट लंबा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे सर्पमित्र आकाश सिंह राठौड़ ने पांच मिनट में सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया।
गुरुवार सुबह छतरपुर जिले में उस समय हलचल मच गई जब मध्य प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के सौंरा रोड स्थित बंगले के परिसर में एक विशालकाय सांप दिखाई दिया। सांप की लंबाई करीब 7 से 8 फीट बताई जा रही है। उसे देखकर परिसर में मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे मंत्री के भतीजे धीरज अहिरवार ने परिसर में सांप देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल सर्पमित्र आकाश सिंह राठौड़ को सूचना दी। सूचना मिलते ही आकाश सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पांच मिनट में किया सुरक्षित रेस्क्यू
सर्पमित्र आकाश सिंह राठौड़ ने बताया कि सांप काफी बड़ा और ताकतवर था। पूरी सतर्कता के साथ करीब पांच मिनट के भीतर उसका सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया। इसके बाद उसे प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के दौरान परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। सर्पमित्र ने बताया कि गर्मी और बरसात के मौसम में सांप अक्सर भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में बदलाव के दौरान सांपों का आबादी वाले क्षेत्रों में निकलना सामान्य बात है। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्पमित्र को सूचना देनी चाहिए। घटना में किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है और मंत्री निवास परिसर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
