डॉ. धर्मेंद्र लटोरिया के नेतृत्व में सूरज हीरा फाउंडेशन द्वारा 14 मई 2026 को 11 गरीब एवं यतीम बच्चियों का सामूहिक विवाह आयोजित किया जाएगा। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. लटोरिया ने इस पहल की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था का उद्देश्य सिर्फ विवाह कराना नहीं, बल्कि बेटियों को एक सम्मानजनक और सशक्त जीवन की शुरुआत देना है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक चयनित बेटी को करीब ढाई लाख रुपये तक की गृहस्थी सामग्री प्रदान की जाएगी, जिसमें बाइक, फ्रिज, टीवी, कूलर, अलमारी, बक्सा, बेड, सोफा सेट, ड्रेसिंग टेबल, डाइनिंग टेबल और मंगलसूत्र सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामान शामिल रहेगा। यह सहयोग उन परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी बेटियों का विवाह करने में असमर्थ रहते हैं। डॉ. लटोरिया ने यह भी घोषणा की कि 12वीं पास छात्रों को 51 हजार रुपये और स्कूटी दी जाएगी, ताकि शिक्षा को बढ़ावा मिल सके।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि अब तक वे गुजरात सहित विभिन्न राज्यों में करीब 1 हजार बेटियों के विवाह में सहयोग कर चुके हैं, लेकिन इस बार अपने जन्मस्थल पर यह आयोजन विशेष रूप से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में सामर्थ्य रही तो और अधिक बेटियों के विवाह कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि समाज में जरूरतमंद परिवारों को निरंतर सहयोग मिलता रहे।
