छिंदवाड़ा जिले के मुजावर क्षेत्र से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां कक्षा सातवीं में पढ़ने वाला मानव नामक बालक टॉर्च की बैटरी से खेलते समय हुए विस्फोट का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे बच्चा घर पर अकेला था और टॉर्च की बैटरी के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। इसी दौरान अचानक बैटरी में तेज धमाका हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। इस हादसे में बच्चे के हाथ और पेट बुरी तरह जल गए। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल बच्चे को जिला अस्पताल छिंदवाड़ा पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है।
गर्मी में बढ़ जाता है खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, भीषण गर्मी के दौरान बैटरी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में अत्यधिक तापमान के कारण विस्फोट का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का रूप ले सकती है।
सावधानी बेहद जरूरी
यह घटना एक चेतावनी है कि बच्चों को बैटरी, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से दूर रखना चाहिए। अभिभावकों को खासतौर पर गर्मी के मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
