उत्तर प्रदेश के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर शनिवार को बड़ा हादसा टल गया, जब लिफ्ट में 7 यात्री अचानक फंस गए। इनमें 2 महिलाएं, 2 बच्चे, एक युवक और 2 टीटी शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक, सभी यात्री प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज तक पहुंचे और करीब 50 फीट ऊंचाई से नीचे उतरने के लिए लिफ्ट में सवार हुए। जैसे ही लिफ्ट करीब एक फीट नीचे आई, अचानक रुक गई और सभी अंदर फंस गए।
लिफ्ट बंद होते ही अंदर अफरा-तफरी मच गई। लोग घबराकर मदद के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। सूचना मिलते ही रेलवे का टेक्निकल स्टाफ मौके पर पहुंचा और लिफ्ट को चालू करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बताया जा रहा है कि एक यात्री के बैग की स्ट्रिप लिफ्ट के दरवाजे में फंस गई थी। जैसे ही यात्री ने स्ट्रिप खींची, लिफ्ट का सेंसर प्रभावित हो गया और सिस्टम लॉक हो गया, जिससे लिफ्ट बीच में ही अटक गई।
स्थिति गंभीर होते देख कटर से लिफ्ट का गेट काटा गया और अंदर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए सीढ़ी लगाई गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस दौरान दम घुटने से एक महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसे मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। डॉक्टरों ने सभी यात्रियों का हेल्थ चेकअप किया और बाद में उन्हें सुरक्षित रवाना कर दिया।
फिलहाल घटना के बाद लिफ्ट की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
