शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक ने आत्महत्या से पहले तीन पेज का सुसाइड नोट भी छोड़ा है। वहीं परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोहन पिता लक्ष्मण बाड़वाहे (22) ने तीन दिन पहले जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक पाइप फिटिंग का काम करता था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सांवेर रोड स्थित एक कॉलोनी में रहने वाली युवती से उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से पिछले चार साल से बातचीत थी। करीब एक सप्ताह पहले दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। इसके बाद युवक को युवती और उसके परिजनों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले युवक के साथ मारपीट भी की गई थी और उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। घटना के दिन वह युवती के घर पहुंचा, जहां उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में तीन पेज का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें युवक ने अपनी मां के लिए भावुक बातें लिखीं और प्रताड़ना का जिक्र किया है फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
