सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरहा टोला में सोमवार की सुबह एक खेत में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों की मदद से जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक 2 एकड़ में पकी खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। आगजनी में लगभग डेढ़ लाख की क्षति का अनुमान है। प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान कैलाश सिंह और उनके भाई के खेत के पास गांव के ही कुछ लोगों द्वारा महुआ के सूखे पत्तों में आग लगा कर जलाया जा रहा था। इसी दौरान हवा चलने से चिंगारी उड़ कर खेत तक पहुंच गई और देखते ही देखते आग दहक उठी। किसान और ग्रामीणों ने दमकल वाहन को सूचना दी। साथ ही ट्रैक्टर से जुताई कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। इसके अलावा बोरिंग के पानी से आग पर काबू पाया गया। जब तक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा ग्रामीणों ने आग बुझा ली थी। उधर, सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।
