मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में कार में आग लगाने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि फरियादी कपिल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर के बाहर खड़ी कार में अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
जांच के दौरान पुलिस ने अजय नाम के युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि मनीषा नाम की महिला ने उसे 15 हजार रुपए देकर कार में आग लगाने के लिए कहा था।
पूछताछ में सामने आया कि महिला अपनी बेटी का रिश्ता फरियादी कपिल के छोटे भाई से तय न होने के कारण नाराज थी। इसी रंजिश में उसने युवक को सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलवाया।
विजय नगर पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
