फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के दूरा गांव में बड़ा हादसा हो गया है. यहां पर 18 गायों की मौत हो गई है. दुर्वासागढ़ गौशाला की ये गाय बाहर चारा खाने गई थीं. चारा खाते ही अचानक गायों की हालत बिगड़ने लगी. कई गाय एक-एक कर गिरने लगीं, मुंह से झाग निकलने लगा. देखते ही देखते 30 से ज्यादा गायें बीमार हो गईं. बताया जा रहा है कि अब तक 18 गायों की मौत हो चुकी है. वहीं कई गायों की हालत गंभीर बताई जा रही है. गायों के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है. वहीं करीब 12 बीमार गायों का इलाज और वैक्सीनेशन जारी है. फिलहाल मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वजह का पता चल सकेगा.
घटना की सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. जिसके बाद गायों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. जानकारी के मुताबिक गोशाला से करीब 60 गाय रोजाना पानी पीने और चारा खाने के लिए बाहर जाती हैं. रविवार को भी गाय दोपहर में चारा खाने निकलीं थीं. थोड़ी देर में कई गाएं अचानक बेहोश होकर गिरने लगी. उनके मुंह से झाग निकलने लगा. जिसे देख साथ में गए गौशाला के एक आदमी ने तत्काल गौशाला में सूचना दी. अचानक बड़ी संख्या में गायों की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया. मौके पर पुलिस टीम, पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी और संबंधित टीमें मौके पर पहुंच गईं. पशु चिकित्सा अधीक्षक के नेतृत्व में टीम बीमार गायों का इलाज कर रही है. उन्हें वैक्सीनेशन भी दिया जा रहा है. इधर मौत की वजह का पता लगाने के लिए मृत गायों के सैंपल लेकर पोस्टमॉर्टम और लैब जांच के लिए भेज दिए गए हैं. मामले में प्रशासन का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा
