छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम नहदोरा में बीती रात चोरों ने दहशत फैला दी। गांव में एक शादी का उत्सव चल रहा था, जहां पूरा परिवार और ग्रामीण जश्न में मग्न थे। इसी माहौल का फायदा उठाकर चोरों ने बेखौफ होकर 6 से 7 घरों को निशाना बनाया।चोरों ने शीला यादव, मनिया अहिरवार सहित अन्य ग्रामीणों के घरों के ताले तोड़ दिए और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने तथा नकदी उड़ा ली। सुबह जब घर के सदस्य वापस लौटे तो घर में बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। पूरा घर अस्त-व्यस्त था और कीमती सामान गायब था।घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-ए-वारदात का जायजा लिया। पुलिस ने संबंधित ग्रामीणों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच कर रही है। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश में हैं कि चोर कितने थे और वे किस रास्ते से गांव में घुसे तथा बाहर निकले।
