सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र अंतर्गत तड़ा चौकी के ग्राम खमरिया (नन्ही देवरी) में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपनी चार मासूम बेटियों को कुएं में फेंकने के बाद स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल व्याप्त है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सविता बाई (28), पत्नी चंद्रभान लोधी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला ने देर रात अपनी चारों बेटियों को घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया। इसके बाद उसने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय महिला का पति चंद्रभान लोधी मजदूरी के सिलसिले में गांव से बाहर गया हुआ था। घर में उसकी सास और ननद मौजूद थीं, जो उस समय सो रही थीं। उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। गुरुवार को जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही केसली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त टीम द्वारा कुएं में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें अब तक तीन बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं पांच माह की मासूम बच्ची मनीषा की तलाश जारी है। तलाशी अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा महिला के मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद या अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। चार मासूम बच्चियों की मौत और मां की आत्महत्या ने ग्रामीणों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हर कोई यही सोच रहा है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति रही होगी, जिसने एक मां को इतना कठोर कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
