जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रणायरा के समीप चंबल नदी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी पार करते समय छोटी नाव पलटने से 53 वर्षीय किसान गुमान सिंह पुत्र फते सिंह गहरे पानी में डूब गए। घटना के 34 घंटे बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
एसडीआरएफ की हाई स्पीड बोट टीम मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चला रही है। बसई के गोताखोरों की तीन नावों के साथ लगातार नदी में तलाश जारी है। चंदवासा चौकी क्षेत्र के इस हादसे में नदी के गहरे पानी में सर्चिंग का काम तेजी से किया जा रहा है।
परिजनों की हालत बेहद खराब है और पूरे गांव में मातम का माहौल पसरा हुआ है। ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुटे हुए हैं, लेकिन किसान गुमान सिंह का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों ने प्रशासन से एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीम भेजने की मांग की है ताकि तलाशी अभियान को और मजबूती मिल सके।
