बीना के खिमलासा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए भाजपा ग्रामीण मंडल महामंत्री हनुमंत सिंह ठाकुर की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खिमलासा थाने का घेराव किया। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने एम्बुलेंस पायलट और ईएमटी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के अनुसार, हनुमंत सिंह ठाकुर (सेमरा गनपत गांव निवासी) को एक मार्च को सड़क हादसे में अज्ञात बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी थी। घायल अवस्था में उन्हें पहले 108 एम्बुलेंस से मालथौन और फिर बेहतर इलाज के लिए सागर के निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें एम्बुलेंस के गेट खुले होने और घायल नेता को स्ट्रेचर की बजाय फर्श पर लेटे हुए दिखाया गया। उनका सिर बाहर निकला हुआ था और वे खून से लथपथ थे।
परिजनों और ग्रामीणों ने एम्बुलेंस के ड्राइवर, ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) तथा संबंधित बाइक चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उचित देखभाल न करने के कारण नेता की हालत बिगड़ी और इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।
प्रदर्शन के बाद खिमलासा पुलिस ने 108 एम्बुलेंस के पायलट और ईएमटी के खिलाफ धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
