आगामी होली और चल रहे रमजान के मद्देनजर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से गौरिहार थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी आर.एन. पटेरिया ने की।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान समाज में किसी भी प्रकार की अराजकता या तनाव को रोकना तथा पूर्ण शांति व्यवस्था सुनिश्चित करना था। थाना प्रभारी आर.एन. पटेरिया ने उपस्थित नागरिकों, व्यापारियों और समाज के गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित करते हुए कहा कि होली का महापर्व हंसी-खुशी और उल्लास के साथ मनाया जाए, लेकिन किसी को जबरदस्ती रंग न लगाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने त्योहार स्वतंत्र रूप से मनाएं, साथ ही अपनी और दूसरों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें।
बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से नगर के मुख्य चौराहों, बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की सार्थक अपील की गई। थाना प्रभारी ने कहा कि नागरिकों के सहयोग से सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से पुलिस को आरोपियों को पकड़ने और अपराध रोकने में काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस दिशा में सक्रिय सहयोग करें।
बैठक के दौरान विभिन्न बिंदुओं पर खुली चर्चा हुई, जिसमें लोगों के सुझाव भी लिए गए। इस अवसर पर नगर के पत्रकार, पुलिस स्टाफ के सदस्यों सहित क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।
