भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह (60) का शुक्रवार तड़के करीब 4.36 बजे निधन हो गया। वे लंबे समय से फोर्थ स्टेज लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही रिंकू सिंह टी-20 वर्ल्ड कप के बीच से ही चेन्नई से घर के लिए रवाना हो गए हैं।
वेंटिलेटर पर थे पिता, अंतिम समय में पास नहीं थे रिंकू
खानचंद सिंह की तबीयत पिछले कुछ दिनों से काफी नाजुक बनी हुई थी, जिसके चलते उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था, लेकिन उनकी सेहत में सुधार नहीं हो रहा था। रिंकू सिंह अपने पिता की गंभीर स्थिति को देखते हुए मंगलवार को टीम इंडिया का प्रैक्टिस सेशन छोड़कर चेन्नई से घर लौटे थे, लेकिन 25 फरवरी को वे वापस टीम से जुड़ गए थे। हालांकि, शुक्रवार सुबह उनके निधन की खबर मिलते ही रिंकू एक बार फिर घर के लिए निकल गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वे आगे वर्ल्ड कप का हिस्सा बन पाएंगे या नहीं।
संघर्षों की कहानी: सिलेंडर ढोकर रिंकू को बनाया क्रिकेटर
रिंकू सिंह की सफलता के पीछे उनके पिता का कड़ा संघर्ष रहा है। खानचंद सिंह अलीगढ़ में घर-घर गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। रिंकू ने खुद कई साक्षात्कारों में बताया है कि उनका बचपन काफी अभावों में बीता। पांचों भाई अपने पिता का हाथ बंटाने के लिए बाइक पर दो-दो सिलेंडर रखकर होटलों और घरों तक पहुँचाते थे। आर्थिक तंगी का आलम यह था कि रिंकू के पास क्लब क्रिकेट खेलने तक के पैसे नहीं होते थे।
पिता चाहते थे बेटा पढ़े, पर रिंकू के जुनून ने बदली किस्मत
शुरुआती दिनों में खानचंद सिंह चाहते थे कि रिंकू खेल छोड़कर पढ़ाई पर ध्यान दें, ताकि परिवार की माली हालत सुधर सके। रिंकू ने बताया था कि उनके पिता अक्सर उन्हें खेलने के लिए मना करते थे और कई बार उन्हें डांट भी पड़ती थी। हालांकि, उनकी मां का समर्थन हमेशा उनके साथ रहा। एक बार टूर्नामेंट की फीस भरने के लिए उनकी मां ने दुकान से एक हजार रुपये उधार लेकर दिए थे। आज रिंकू जिस मुकाम पर हैं, वहां तक पहुंचने के लिए उनके पिता के उसी कठोर अनुशासन और संघर्षों ने उन्हें मजबूत बनाया।
रिंकू सिंह के पिता के निधन पर क्रिकेट जगत और उनके प्रशंसकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। संकट की इस घड़ी में पूरी टीम इंडिया और खेल प्रेमी रिंकू के परिवार के साथ खड़े हैं।
