। कोतवाली थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके परिचित युवकों ने पार्टी करने के बहाने उसे अलका टॉकीज के पास स्थित अंबर होटल ले जाकर बीयर पिलाई। नशे की हालत का फायदा उठाकर दोनों आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
यह घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है, जबकि मामले में मंगलवार को प्रकरण दर्ज किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर युवती की एक परिचित होटल पहुंची और पीड़िता को अपने साथ थाने लेकर गई। उस समय युवती अत्यधिक नशे में होने के कारण पुलिस उसका बयान दर्ज नहीं कर सकी, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने दुर्गेश हरोड़े और अतुल घोरसे के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश हरोड़े को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अतुल घोरसे फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता और दोनों आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे और इसी आधार पर युवती उनके साथ पार्टी के लिए गई थी। मामले की विवेचना जारी है।
