टीआई का शव मिला, 24 घंटे बाद भी एसआई व महिला कांस्टेबल लापता
नाबालिग को तलाशने निजी कार में गए… पुल पर बैरिकेडिंग न होने से शिप्रा में गिरी, 3 पुलिसवाले डूबे।
उज्जैन में शनिवार रात को शिप्रा के बड़े पुल से कार गिर गई। इसमें उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा, एसआई मदनलाल निनामा और महिला कांस्टेबल आरती पाल सवार थीं। रविवार सुबह हादसे से करीब ढाई किमी दूर विक्रांत भैरव के पास टीआई शर्मा का शव मिल गया। हालांकि, देर शाम तक एसआई और महिला कांस्टेबल का पता नहीं चल पाया।
बताया जा रहा है कि टीआई शर्मा, कांस्टेबल आरती पाल की निजी कार से नाबालिग अपहरण की रिपोर्ट पर जांच के लिए निकले थे। साथ में एसआई निनामा भी थे। रात 8:53 बजे जूना सोमवारिया होते हुए बड़ा पुल क्रॉस कर रहे थे, तभी कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। जिस पुल पर हादसा हुआ, वहां पर कोई बैरिकेडिंग नहीं थी। कार पुल के पिलर से टकराकर नदी में समा गई। माना जा रहा है कि शर्मा कार से बाहर निकल आए थे, लेकिन तेज बहाव ने जान ले ली।
एसआई निनामा रतलाम जिले के सैलाना के हैं। उनके दो बच्चे हैं। वहीं, कास्टेबल आरती पाल 2012 में भर्ती हुई। उज्जैन में मां शीला पाल के साथ रह रही थीं। अविवाहित हैं
टीआई 37 साल से सेवा में थे।
टीआई अशोक शर्मा (58) मूलतः बुलंदशहर, यूपी के निवासी थे। 27 मई 1988 को
कांस्टेबल भर्ती हुए और एसआई रहते हुए उन्हेल थाने का प्रभार संभाल रहे थे। परिवार में पत्नी शशि व दो बेटे हैं। एक डॉक्टर है और दूसरा गुड़गांव में नौकरी करता है। एक मई को ही बड़े बेटे की शादी हुई थी, जिसमें कर्नाटक के राज्यपाल भी शामिल हुए थे।
अपहरण की लोकेशन मिली, इसलिए जल्दी में थे, सरकारी गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई, निजी से गए।
उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा शनिवार शाम थाने पर थे। इसी दौरान नाबालिग के अपहरण में लोकेशन मिली कि वह उज्जैन चिंतामन क्षेत्र में है। इस पर शर्मा ने एएसआई अंतरसिंह मंडलोई को फोन कर कहा कि महिला कांस्टेबल के साथ चले जाओं। गणेश विसर्जन ड्यूटी में देर हो रही थी। तब शर्मा ने कहा- में खुद चलता हूं। थाने से एसआई मदनलाल निनामा को साथ लिया। सरकारी गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई तो महिला कांस्टेबल पाल की नई कार से निकल पड़े। शाम करीब 7:30 बजे थाने से रवाना हुए। हुए। टीआई रास्ते में 8:35 बजे घर भी पहुंचे। पत्नी शशि ने पानी पिलाया। बेटे से कहा- स्टाफ नीचे गाड़ी में बैठा है, में चिंतामन कार्रवाई के लिए जा रहा हूं, आते समय मिलकर जाऊंगा। सिर्फ पांच मिनट की मुलाकात हुई। मोबाइल घर पर छूट गया। रात 8:53 बजे शिप्रा के बड़े पुल से कार नदी में गिर गई। एएसपी गुरु प्रसाद पाराशर के मुताबिक, कार खुद की होने से अनुमान है कि महिला कांस्टेबल ही चला रही होंगी।
