सुपौल, बिहार। सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बिहार के सुपौल जिले के जीवछपुर स्थित उत्क्रमित बालक मध्य विद्यालय से शिक्षक की लापरवाही का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कक्षा में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे, जबकि विशिष्ट शिक्षक अजीत कुमार कुर्सी पर पैर रखकर आराम से सोते हुए नजर आए।
बताया जा रहा है कि शिक्षक की इस हरकत को देखकर कक्षा में मौजूद छात्र भी हैरान रह गए। शिक्षक की सोते हुए तस्वीर सामने आने के बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा। विभाग ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई।
जांच के दौरान शिक्षक पर लगे आरोप सही पाए गए। इसके बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विशिष्ट शिक्षक अजीत कुमार को निलंबित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षक जींस पहनकर विद्यालय पहुंचे थे और कक्षा के दौरान बच्चों को पढ़ाने के बजाय आराम फरमा रहे थे। विभाग ने इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और सरकारी सेवक आचार नियमावली का उल्लंघन माना।
इसी आधार पर बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2024 के तहत शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। इस घटना ने सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की जवाबदेही और बच्चों की पढ़ाई को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
